नामजद FIR के बाद भी अब तक गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित को जान से मारने की धमकी

 

पुलिस प्रशासन मौन, आरोपी को संरक्षण किसका?

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीमआर्मी व सतनामी समाज ने थाने का किया घेराव

बेमेतरा/नवागढ़ – नवागढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मारपीट मामले में FIR के एक माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सतनामी समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। इसी के चलते सतनामी समाज के लोगों ने भीमआर्मी के साथ मिलकर नवागढ़ थाना का घेराव किया और पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए।

बता दे कि पूरा मामला बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंड्री का है, जहाँ बीते 26 दिसंबर 2025 को सतनामी समाज के दो युवकों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की थी, लेकिन घटना के एक माह बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में गहरा रोष है। इसी नाराजगी के चलते बीते शनिवार को सतनामी समाज के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और भीमआर्मी के कार्यकर्ताओं ने नवागढ़ थाना परिसर का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के स्पष्ट सबूत और पीड़ितों के बयान होने के बावजूद आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित युवकों को लगातार जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है। समाज के लोगों ने मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित पक्ष को सुरक्षा प्रदान की जाए।


सतनामी समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। थाना परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने स्थिति को शांत बनाए रखने की अपील की और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments

Copyright (c) 2026 mookexpress24.in All Right Reseved